युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका को लेकर सड़क जाम
चतरा, 21 जुलाई( हि.स.)। जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी गांव के समीप चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) किनारे एक युवक का शव पुलिस ने मंगलवार को बरामद किया है। मृतक की पहचान घंघरी निवासी महाबीर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजन हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के चलते चतरा से बिहार के गया और अन्य मार्गों पर आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

