home page

झारखंड में फिलहाल तापमान रहेगा स्थिर, कई इलाकों में बारिश की संभावना

 | 
झारखंड में फिलहाल तापमान रहेगा स्थिर, कई इलाकों में बारिश की संभावना


रांची, 11 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में फिलहाल तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने रविवार को दी।

उन्होंने बताया कि आने वाले तीन-चार दिनों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। साथ ही इस दौरान वज्रपात भी होने की संभावना है।

इस वर्ष झारखंड में कम पड़ेगी ठंड

अभिषेक आनंद ने बताया कि इस वर्ष पूरे राज्य भर में ठंड कम पड़ेगी। उन्होंने कहा कि ठंड कम पड़ने का कारण झारखंड सहित पूरे देश भर में बढ़ा हुआ अलनीनों का प्रभाव है।

उल्लेखनीय है कि अलनीनो प्रशांत महासागर में होने वाली एक प्राकृतिक मौसमी घटना है, जिसमें मध्य और पूर्वी उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर की सतह का पानी सामान्य से अधिक गर्म हो जाता है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश देवघर जिले के मोहनपुर में 4.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 34 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। हालांकि बीच-बीच में धूप भी खिली रही।

वहीं, रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.2 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 22.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.2 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak