home page

झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, 6 जिलों में तापमान 40 डिग्री पार, डाल्टनगंज सबसे गर्म

 | 
झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, 6 जिलों में तापमान 40 डिग्री पार, डाल्टनगंज सबसे गर्म


रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में गर्मी ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। राज्य के छह जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मंगलवार को सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा सरायकेला में 43 डिग्री, जमशेदपुर में 42.6 डिग्री, बोकारो में 42.2 डिग्री, चाईबासा में 41.4 डिग्री और रांची में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के पलामू प्रमंडल सहित कई क्षेत्रों में लू चल रही है, जबकि अन्य हिस्सों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं।

हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव में 14.2 मिमी वर्षा हुई, जबकि सिमडेगा में 12 मिमी, बनो में 9.5 मिमी, जमशेदपुर में 2.8 मिमी और तोरपा-कोरबा में 2.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने 24 और 25 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। रांची में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 42.6 और न्यूनतम 25.3 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 43.8 और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 42.2 और न्यूनतम 24.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 41.4 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak