home page

चेंबर चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने मारी बाजी, 13-8 से जीत

 | 
चेंबर चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने मारी बाजी, 13-8 से जीत


रांची, 13 सितंबर (हि.स.)। झारखंड चेंबर की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के रविवार को हुए चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने 13-8 से जीत दर्ज की। टीम तुलसी पटेल के 13 प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि टीम मुकेश अग्रवाल के आठ प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। तीसरी टीम पी-21 का खाता नहीं खुल सका। इस तरह 21 सदस्यीय कार्यकारिणी में तुलसी पटेल की टीम को स्पष्ट बहुमत मिला है। अध्यक्ष पद के लिए तुलसी पटेल के नाम की आधिकारिक घोषणा चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।

चुनाव परिणाम की घोषणा चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने की।

चेंबर के कुल 4214 मतदाताओं में से 2860 ने मतदान किया। चुनाव मैदान में कुल 65 प्रत्याशी थे। 09 महिला प्रत्याशियों ने भी चुनाव लड़ा, जिनमें छह ने जीत दर्ज की। वहीं, मनीष जैन ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए जीत हासिल की।

मुकेश अग्रवाल को सर्वाधिक 1827 वोट

मतगणना में टीम मुकेश अग्रवाल के मुकेश अग्रवाल सर्वाधिक 1827 वोट हासिल कर पहले स्थान पर रहे। डॉ अभिषेक रामाधीन 1742 वोट के साथ दूसरे, प्रवीण लोहिया 1725 वोट के साथ तीसरे, तुलसी पटेल 1622 वोट के साथ चौथे और विनीता सिंघानिया 1597 वोट के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

ये 21 प्रत्याशी जीते

मुकेश अग्रवाल 1827, डॉ अभिषेक रामाधीन 1742, प्रवीण लोहिया 1725, तुलसी पटेल 1622, विनीता सिंघानिया 1597, ज्योति कुमार 1535, राम बांगड 1506, मनीष जैन 1497, नवजोत अलंग 1496, निधि झुनझुनवाला 1450, आस्था किरण 1441, अमित अग्रवाल 1424, राहुल साबू 1418, रोहित पोद्दार 1384, अनिल अग्रवाल 1360, अमित शर्मा 1348, रोहित अग्रवाल 1347, अमित किशोर अग्रवाल 1344, विकास विजयवर्गीय 1305, मोनिका गोयनका 1300 और पूजा ढाढा 1288 वोट के साथ विजयी रही।

व्यापारियों के विश्वास की जीत : तुलसी पटेल

जीत के बाद तुलसी पटेल ने कहा कि यह व्यापारियों और उद्यमियों के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, सरल कारोबारी व्यवस्था, कानून-व्यवस्था में सुधार और आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak