home page

जेएसएससी ने छपी खबर का किया खंडन कहा- हमारी परीक्षाओं से टीडीएल एजेंसी का कोई लेना-देना नहीं

 | 
जेएसएससी ने छपी खबर का किया खंडन कहा- हमारी परीक्षाओं से टीडीएल एजेंसी का कोई लेना-देना नहीं


रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने अपनी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर प्रकाशित एक खबर का खंडन किया है।

रविवार को आयोग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आयोग ने कहा है कि 26 जुलाई 2026 को एक समाचार पत्र में प्रकाशित यह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है कि टीडीएल एजेंसी के पास जेएसएससी की पांच प्रमुख परीक्षाओं की जिम्मेदारी है।

आयोग ने साफ किया कि टीडीएल एजेंसी का झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023, झारखंड तकनीकी-विशिष्ट स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023, स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 और झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के आयोजन, परीक्षा प्रबंधन या किसी भी परीक्षा संबंधी काम से कोई संबंध नहीं है।

जेएसएससी ने यह भी स्पष्ट किया कि समाचार में झारखंड वनरक्षक प्रतियोगिता परीक्षा का भी जिक्र किया गया है, जबकि वनरक्षक के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोग को अब तक अधियाचना ही प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में इस परीक्षा को लेकर किया गया दावा भी गलत है।

आयोग के अनुसार, 20 मई 2025 को जारी कार्यालय आदेश संख्या-131 के तहत टीडीएल एजेंसी को परीक्षा संबंधी सभी कार्यों से हटाकर डी-एम्पैनल कर दिया गया था। इसके बाद से ही एजेंसी की आयोग की किसी भी परीक्षा या अन्य गतिविधि में कोई भूमिका नहीं है। आयोग ने यह भी कहा कि पिछले वर्षों में हुई परीक्षाओं, वर्तमान में चल रही परीक्षाओं और भविष्य में होने वाली किसी भी परीक्षा से भी टीडीएल एजेंसी का कोई संबंध नहीं है।

जेएसएससी ने कहा कि आयोग की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने वाली अपुष्ट, गलत या भ्रामक खबरों को गंभीरता से लिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति, संस्था या समाचार माध्यम इस तरह की तथ्यहीन जानकारी प्रकाशित या प्रसारित करता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे