home page

चक्रधरपुर मंडल के मशीन ब्लॉक से जुलाई से नवंबर तक कई ट्रेनें रहेंगी रद्द

 | 
चक्रधरपुर मंडल के मशीन ब्लॉक से जुलाई से नवंबर तक कई ट्रेनें रहेंगी रद्द


पश्चिमी सिंहभूम,30 जून (हि.स.)। टाटानगर और राउरकेला के बीच नियमित यात्रा करने वाले हजारों रेल यात्रियों को अगले कई महीनों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने रेल पटरियों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के रखरखाव,ट्रैक मशीनों से मरम्मत कार्य और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए राउरकेला–कंसबहाल–डिह रेलखंड में तीन घंटे का मशीन ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इस कारण 05 जुलाई से 22 नवंबर 2026 तक विभिन्न तिथियों में कई एक्सप्रेस,मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा।

इस निर्णय का सबसे अधिक असर टाटानगर से राउरकेला,चक्रधरपुर, झारसुगुड़ा, हटिया और पुरी की ओर यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों तथा व्यवसायियों पर पड़ेगा। विशेष रूप से टाटानगर–राउरकेला मेमू ट्रेन के रद्द रहने से दोनों शहरों के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों या सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ सकता है।

मंगलवार को रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक रविवार को 18175/18176 हटिया–झारसुगुड़ा–हटिया एक्सप्रेस और 68029/68030 राउरकेला–झारसुगुड़ा–राउरकेला मेमू का परिचालन 05 जुलाई से 15 नवंबर 2026 के बीच निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेगा।

इसी प्रकार प्रत्येक गुरुवार को 18125/18126 राउरकेला–पुरी–राउरकेला एक्सप्रेस, 18175/18176 हटिया–झारसुगुड़ा–हटिया एक्सप्रेस, 68029/68030 राउरकेला–झारसुगुड़ा–राउरकेला मेमू और 68043/68044 टाटानगर–राउरकेला–टाटानगर मेमू का परिचालन 09 जुलाई से 19 नवंबर 2026 तक विभिन्न तिथियों में निरस्त रहेगा।

इसके अलावा 58659 हटिया–राउरकेला पैसेंजर और 58660 राउरकेला–हटिया पैसेंजर भी जुलाई से नवंबर के बीच कई निर्धारित तिथियों में रद्द रहेंगी। इन ट्रेनों के निरस्तीकरण का असर झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों पर भी पड़ेगा, जो रोजाना इन पैसेंजर ट्रेनों से आवागमन करते हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मशीन ब्लॉक के दौरान ट्रैक का रखरखाव, रेल लाइन की मरम्मत, मशीनों से पैकिंग और अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों का उद्देश्य रेल पटरियों की गुणवत्ता में सुधार करना, ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और भविष्य में परिचालन को अधिक सुचारु बनाना है।

चक्रधरपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली से अवश्य जांच लें। जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखा है, वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बदलें। रेल प्रशासन ने आवश्यक रखरखाव कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक