home page

पितृपक्ष के पहले दिन दामोदर घाट पर लोगों ने किया तर्पण

 | 
पितृपक्ष के पहले दिन दामोदर घाट पर लोगों ने किया तर्पण


रामगढ़, 27 सितंबर (हि.स.)। पितृपक्ष के पहले दिन यानी आश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर रविवार को रामगढ़ के दामोदर नदी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

पितरों के निमित्त तर्पण और श्राद्ध कर्म के लिए सैकड़ों यजमान दामोदर घाट पहुंचे। पंडित सुशांत कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में यजमानों ने विधि-विधान के साथ अपने पितरों का तर्पण किया।

यजमानों ने सबसे पहले दामोदर नदी में स्नान कर शुद्ध होकर पूर्व दिशा की ओर मुख करके संकल्प लिया। इसके बाद शास्त्रोक्त विधि से चावल, जौ और तिल के माध्यम से विभिन्न दिशाओं की ओर मुख करके पितरों का तर्पण किया गया। अंत में काले तिल के साथ पितरों को तर्पण अर्पित कर उनकी प्रसन्नता, शांति और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।

पंडित सुशांत कुमार पांडेय ने बताया कि पितृपक्ष में तर्पण को पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट करने का विशेष अनुष्ठान माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार विधिपूर्वक तर्पण कर पितरों के आशीर्वाद की कामना की जाती है और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाती है।

पंडित सुशांत कुमार पांडेय ने बताया कि दामोदर नदी घाट पर पितरों के तर्पण की यह परंपरा उनके परिवार में उनके दादा के समय से चली आ रही है। वर्ष 1992 से लगातार रामगढ़ दामोदर नदी घाट पर यजमानों को विधि-विधान के साथ तर्पण कराया जा रहा है। वर्षों पुरानी यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ जारी है।

पंडित सुशांत कुमार पांडेय ने भगवान विष्णु से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी यजमानों और उनके परिवारों पर पितरों का आशीर्वाद बना रहे। सभी लोग सुखी, स्वस्थ और समृद्ध रहें और परिवारों में सुख-शांति कायम रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश