home page

तांत्रिक की हत्या का खुलासा, तीन गिरफ्तार

 | 
तांत्रिक की हत्या का खुलासा, तीन गिरफ्तार


रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के सिमोन नगर, खोरहा टोली में हुई तांत्रिक रमेश ठाकुर की हत्या का 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

रांची के सदर थाना क्षेत्र के खोरहा टोली में रहने वाले तथाकथित तांत्रिक रमेश ठाकुर की हत्या के मामले का रांची पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। गिरफ्तार आरोपितों में अमित चौधरी, निरंजन स्वासी उर्फ नीरज और सचिन कुमार गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, हत्या में प्रयोग किया गया खून लगा प्लास, मृतक के आभूषण (मोटी चेन, ब्रेसलेट, चार अंगूठियां, कड़ा और एक जोड़ी कानबाली), आरोपिताें के खून लगे कपड़े, घटना में प्रयुक्त बाइक और तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं।

रांची सिटी एसपी पारस राणा ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि रमेश ठाकुर ओझा-गुनी का कार्य करते थे और युवकों से दोस्ती कर उन्हें अपने कोकर स्थित मकान पर बुलाते थे। सिटी एसपी के अनुसार, रमेश अपने यहां आने वालों को यह विश्वास दिलाता था कि यदि वे उनकी बताई गयी तांत्रिक प्रक्रिया का पालन करेंगे तो 'परी' प्रकट होगी और उन पर धन वर्षा होगी।

इसी दौरान पकड़े गए तीन आरोपितों का रमेश ठाकुर से संपर्क हुआ। सबसे हैरानी की बात यह है कि रमेश ठाकुर अपने पास आने वाले युवकों से अप्राकृतिक यौनाचार भी करता था और बदले में उन्हें धन वर्षा एवं परी से मुलाकात का लालच देता था। काफी समय बीतने के बाद भी जब उन युवकों के साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ तो उनके मन में गहरा आक्रोश पैदा हो गया। अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न के बाद भी जब धन वर्षा और परी की बात गलत साबित हुई तब तीनों आरोपिताें ने 22 जुलाई को रमेश की हत्या की योजना बनाई। तीनों बाइक से देसी पिस्टल और कारतूस लेकर रमेश ठाकुर के घर पहुंचे। वहां कथित तांत्रिक प्रक्रिया के बाद भी जब धन वर्षा या परी के आने जैसी कोई बात नहीं हुई।

ऐसे में गुस्साए आरोपितों ने रमेश ठाकुर पर पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की, हालांकि गोली नहीं लगी। इसके बाद पास में रखे प्लास से रमेश ठाकुर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित मृतक के शरीर पर मौजूद आभूषण लेकर फरार हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे