मजदूर अधिकारों की रक्षा को मई दिवस पर संकल्प लें : यूनियन
रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन के उपाध्यक्ष और एटक झारखंड राज्य कमिटी के कोषाध्यक्ष लालदेव सिंह ने मई दिवस के अवसर पर हेवी इंजीनियर्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के श्रमिकों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संकल्प लेने की अपील की है।
उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि देश में निजीकरण और अस्थायी रोजगार व्यवस्था बढ़ने से श्रमिकों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। कई सार्वजनिक उद्योग आर्थिक संकट और बंदी के खतरे से जूझ रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से एचईसी जैसी औद्योगिक इकाइयों की स्थिति पर चिंता जताई।
लालदेव सिंह ने कहा कि नई श्रम नीतियों के तहत कार्य अवधि, ठेका व्यवस्था और रोजगार सुरक्षा जैसे मुद्दों पर श्रमिकों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा, स्थायी रोजगार और सुरक्षित कार्यस्थल मिलना चाहिए।
उन्होंने मई दिवस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1886 में शिकागो के श्रमिकों ने आठ घंटे कार्यदिवस की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया था। उसी संघर्ष की याद में दुनिया भर में एक मई को मजदूर दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे संगठित होकर अपने अधिकारों, सामाजिक न्याय और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को मजबूत करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

