गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रामगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि चितरपुर के नौवा बगीचा में रहने वाली एक नवविवाहिता डोली कुमारी (20) की मौत का मामला सामने आया है।
शनिवार को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि मृतका की मां मनावती देवी ने डोली कुमारी के पति यशवंत महतो पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को महिला रामगढ़ कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। वहां से लौटते ही घर पर ही उसकी तबीयत बिगड़ी। यशवंत महतो ने अपने ससुराल में फोन कर यह बताया था कि डोली कुमारी की तबीयत काफी अधिक बिगड़ गई है। वह उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा है। लेकिन अस्पताल में मृत शरीर लेकर ही वह पहुंचा था। इसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया।
रामगढ़ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस के पास मृतका को न्याय दिलाने के लिए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) पार्टी के नेताओं ने हंगामा किया। वहां पहुंचे रामगढ़ विधानसभा से जेएलकेएम के प्रत्याशी रह चुके पनेश्वर महतो ने इस पूरे मामले पर गंभीरतापूर्वक जांच करने और दोषी पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार से बात की और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की
मनावती देवी ने बताया कि डोली कुमारी की शादी अप्रैल 2026 में ही यशवंत महतो के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए यशवंत महतो और उसके परिजन डोली कुमारी को प्रताड़ित करते थे। डोली तीन महीने से गर्भवती थी। उन्होंने यह भी पुलिस को बताया कि डोली कुमार के शरीर पर और गले पर भी चोट के निशान हैं। उन्हें संदेह है कि उनकी बेटी की मारपीट कर हत्या की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

