रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के ठिकानों पर आईटी सर्वे में मिला 350 करोड़ की अघोषित आय
रांची, 02 अगस्त (हि.स.)। रामकृपाल कंस्ट्रक्शन और उससे जुड़ी कंपनियों के ठिकानों पर सर्वे के दौरान 350 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला है। साथ ही अस्तित्वहीन कंपनियों से सामान खरीद के सबूत भी मिले। इसके अलावा अन्य प्रकार की वित्तीय गड़बड़ियां पायी गयीं।
रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के ठिकानों पर आयकर का सर्वे चौथे दिन रविवार को समाप्त हो गया।
उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने रामकृपाल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के रांची, बेगुसराय और गुड़गांव के ठिकानों पर 31 जुलाई को सर्वे शुरू किया था। कंपनी की व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज़ की जांच पड़ताल और संबंधित लोगों का बयान दर्ज करने के बाद रविवार की दोपहर को सर्वे समाप्त हो गया।
सर्वे में आयकर के 150 अधिकारी लगाए गये थे। सर्वे के दौरान 350 करोड़ रुपये की अघोषित आयकर पता चला। कंपनी की ओर से दिखाये गये 200 करोड़ रुपये के नकद खर्च का विस्तृत ब्योरा कंपनी से जुड़े लोग देने में असमर्थ रहे।
हवाला के सहारे 50 करोड़ रुपये के कैश जेनरेट किया गया था। जांच के दौरान कंपनियों की दिखाई गई सामग्रियों की खरीद से संबंधित कुछ मामलों की जांच की गयी। लेकिन जिन कंपनियों से खरीद दिखाई गयी थी, उनका कहीं अस्तित्व नहीं पाया गया। यानी वित्तीय गड़बड़ी करने के लिए अस्तित्वहीन कंपनियों के सामग्रियों की खरीद दिखाई गई थी। सर्वे के दौरान मिले तथ्यों और सूचनाओं के सिलसिले में आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

