home page

सुमित अग्रवाल हत्याकांड में एक गिरफ्तार, अन्य के विरुद्ध छापेमारी

 | 
सुमित अग्रवाल हत्याकांड में एक गिरफ्तार, अन्य के विरुद्ध छापेमारी


सुमित अग्रवाल हत्याकांड में एक गिरफ्तार, अन्य के विरुद्ध छापेमारी


रामगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने सुमित हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। लेनदेन के मामले में सुमित के साथ हाथापाई हुई थी। इसी दौरान उसके साथियों ने ही उसकी हत्या चाकू से गोदकर कर दी। इस मामले में एक हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जानकारी शनिवार की शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम रजा ने दी। उन्होंने बताया कि सुमित अग्रवाल की हत्या 28 जुलाई की रात को कर दी गई थी। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर एक अपराधी सूरज कुमार दास उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है।

न्यू कॉलोनी बगीचा का रहने वाला सूरज कुमार दास उर्फ छोटू ने सुमित अग्रवाल पर चाकू से वार किया था। इस मामले में संलिप्त अन्य अपराध कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।

28 जुलाई की शाम जब सुमित अपने घर से न्यू कॉलोनी बगीचा के सुनसान इलाके में पहुंचा तो दोस्तों के साथ लेनदेन के मामले में नोंक-झोंक हुआ। इस दौरान उसके साथियों ने जब उसपर हमला किया तो सुमित ने अपने बचाव के लिए काफी संघर्ष किया। घटनास्थल पर लगभग 100 मीटर तक हुए संघर्ष के साक्ष्य पुलिस को मिले हैं।

सुमित अग्रवाल को ढूंढने के लिए अपराधी झंडा चौक भी पहुंचे थे। जिस स्थान पर सुमित के होने की संभावना थी, वहां वे सभी लोग एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही इस बात का भी साक्ष्य जुटा रही है कि कितने लोगों की संलिप्तता किस स्तर तक रही है। आखिर झंडा चौक पर अपराधी उसी स्थान पर क्यों पहुंचे, जिस जमीन पर संदिग्ध लोगों की उपस्थिति चर्चा का विषय बनी है।

छापेमारी के दौरान रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, सब इंस्पेक्टर मंजेश कुमार, सुमंत कुमार राय, बीरबल हेंब्रम, विकास कुमार, मनीष कुमार सिंह, जॉनी कुमार, रोशन बाडा, रौशन कुमार सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश