home page

सुदेश ने छिन्नमस्तिके कंपनी में घायल मजदूरों से मिलकर लिया हाल-चाल, सरकार से की जांच कराने की मांग

 | 
सुदेश ने छिन्नमस्तिके कंपनी में घायल मजदूरों से मिलकर लिया हाल-चाल, सरकार से की जांच कराने की मांग


रांची, 24 अगस्त (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सोमवार को रांची के देवकमल अस्पताल पहुंचकर मां छिन्नमस्तिके सीमेंट एंड स्पंज आयरन कंपनी, हेहल, बड़काकाना, रामगढ़ में हुए हादसे में घायल इलाजरत मजदूरों का हालचाल जाना।

मौके पर उन्होंने घायल मजदूरों के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और चिकित्सकों एवं परिचारिका दल से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

सुदेश ने कहा कि तीन मजदूरों की मौत और एक मजदूर के गंभीर रूप से घायल होने की घटना को केवल दुर्घटना कहकर फाइल बंद नहीं की जा सकती।

यदि इस हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक गर्मी, शीतलन और वातानुकूलन व्यवस्था एवं मशीनरी के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। यदि तकनीकी जांच में यह प्रमाणित होता है कि पर्याप्त शीतलन व्यवस्था नहीं होने या मशीनरी के रखरखाव में लापरवाही के कारण अत्यधिक गर्मी उत्पन्न हुई और विस्फोट हुआ, तो कंपनी के मालिक एवं जिम्मेदार प्रबंधन की भूमिका की आपराधिक जांच होनी चाहिए। दोष सिद्ध होने पर कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कंपनी ठेकेदार, एजेंसी या किसी तीसरे पक्ष के पीछे छिपकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते। जिस कारखाना परिसर में श्रमिक काम कर रहे हैं, वहां सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराना और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। जांच में जिस स्तर पर चूक सामने आए, उसी स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार से स्पष्ट मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। कारखाने की मशीनरी, टरबाइन, शीतलन प्रणाली, सुरक्षा उपकरण, अग्निशमन व्यवस्था, रखरखाव अभिलेख और पूर्व निरीक्षण रिपोर्ट की विस्तृत जांच हो। यदि किसी अधिकारी या विभागीय तंत्र की लापरवाही भी सामने आती है, तो उनकी जवाबदेही भी तय की जाए।

उन्होंने श्रम विभाग से कारखाने में मजदूरों की नियुक्ति, वेतन भुगतान, उपस्थिति, सुरक्षा प्रशिक्षण और श्रम कानूनों के अनुपालन की भी जांच कराने की मांग की। यदि कंपनी की ओर से कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए।

सुदेश ने कहा कि मृत मजदूरों के परिवारों को केवल सांत्वना नहीं, न्याय चाहिए। कंपनी को तत्काल उचित मुआवजा, सभी वैधानिक लाभ और आश्रित परिवारों के लिए रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए। घायल मजदूर के इलाज की पूरी जिम्मेदारी कंपनी उठाए और उसके परिवार को भी आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि कंपनी प्रबंधन पीड़ित परिवारों को न्याय, उचित मुआवजा और रोजगार उपलब्ध नहीं कराता, घायल मजदूर के इलाज की पूरी जिम्मेदारी नहीं उठाता तथा कारखाने की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल दुरुस्त नहीं की जाती, तो आजसू पार्टी इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी और लोकतांत्रिक आंदोलन के माध्यम से जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित करेगी।

इसी क्रम में उन्होंशने कुछ दिन पूर्व श्रीराम पावर प्लांट, कुज्जू, मुरपा, रामगढ़ में हुए हादसे में घायल इलाजरत मरीजों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

उन्होंने बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य राजा खान के इलाजरत परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

सुदेश ने मां छिन्नमस्तिके सीमेंट एंड स्पंज आयरन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कार्यकारी अधिकारी से भी चर्चा की और घायल मजदूर के इलाज एवं आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मौके पर पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता ज्ञान सिन्हा, रामगढ़ जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी, युवा आजसू रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak