home page

सुदेश ने अंतरराष्ट्रीय वुशु पदक विजेता अंजना को किया सम्मानित

 | 
सुदेश ने अंतरराष्ट्रीय वुशु पदक विजेता अंजना को किया सम्मानित


रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। आजसू के केंद्रीय अध्य क्ष सुदेश कुमार महतो और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन की वरीय उपाध्यक्ष नेहा मेहता ने गुरुवार को अपने बुकरु स्थित आवास पर अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी अंजना कुमारी को सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि 30 जुलाई से 04 अगस्त 2026 तक जॉर्जिया (यूरोप) के बतुमी में आयोजित बतुमी ओपन इंटरनेशनल वुशु चैंपियनशिप में सिल्ली प्रखंड के बासलुरी गांव की रहने वाली अंजना कुमारी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वुशु (ताओलू स्पर्धा) के विंग चुन एवं डबल डैगर इवेंट में दो कांस्य पदक जीतकर झारखंड और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

सम्मान समारोह के दौरान अंजना कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय सुदेश कुमार महतो को देते हुए कहा कि एक साधारण ग्रामीण परिवार की बेटी होने के बावजूद उन्हें वुशु की शुरुआत के लिए आवश्यक किट उपलब्ध कराया और सिल्ली में विश्वस्तरीय कोच एस वाहिद अली के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर दिलाया।

उनके मार्गदर्शन और सहयोग से उनकी प्रतिभा निखर सकी।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए अधिक से अधिक पदक जीतना है।

इस अवसर पर सुदेश ने अंजना कुमारी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियां आज विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अंजना भविष्य में भी देश और राज्य का नाम रोशन करेंगी तथा युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी।

सम्मान समारोह में झारखंड वुशु के संस्थापक शिवेंद्र नाथ दुबे, अंतरराष्ट्रीय कोच एस वाहिद अली, प्रकाश कुमार, परवाज खान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak