home page

जिला स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार आयोजित

 | 
जिला स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार आयोजित


रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। ओथ फाउंडेशन और सड़क सुरक्षा विभाग, रांची के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सीएम एक्सीलेंस स्कूल (जिला स्कूल परिसर) में सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।

सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि डेली मार्केट थाना प्रभारी पवन कुमार और सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नियमों का पालन जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और 18 वर्ष की आयु पूरी होने और वैध लाइसेंस मिलने के बाद ही वाहन चलाएं।

अतिथियों ने नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और दुर्घटना होने पर वीडियो बनाने के बजाय घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की अपील की।

इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

पेंटिंग प्रतियोगिता में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लेकर चित्रों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। प्रतियोगिता में कक्षा 12 की तृप्ति कुमारी प्रथम, कक्षा छह की माही प्रिया द्वितीय और कक्षा आठ की प्रेरणा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ यास्मीन गैलेरिया सहित विभिन्न अतिथि सहित संस्था के प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar