गणित-विज्ञान मेले में शिशु विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं का जलवा
रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेले में गुरुवार को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के वंदना सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल और प्रधानाचार्य श्रीप्रवीण ने प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
गणित प्रदर्शन में अभिनव, रोशनी और अंगद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तन्वी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में शौर्य दीप ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अभिनव और रोशनी का चयन झारखंड-बिहार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। दोनों धनबाद में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की सफलता उनके परिश्रम, लगन और आचार्यों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, गणितीय चिंतन, रचनात्मकता और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जो भैया-बहन इस बार स्थान प्राप्त नहीं कर सके, वे निराश न हों और अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखें। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों को आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य ने सभी विजेता और प्रतिभागी भैया-बहनों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
वहीं, संरक्षक आचार्य राजीव कुमार दास ने भी सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

