जेपीएससी रिफॉर्म मंच ने की सहायक कारापाल की दौड़ की तिथि बढ़ाने की मांग
रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ की निर्धारित तिथि कम-से-कम एक माह आगे बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव, पुलिस महानिदेशक और आईजी, कारा विभाग से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की।
मंच की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विज्ञापन के तहत नियमित और बैकलॉग भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा 28 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि परीक्षा की तिथियां नजदीक होने के कारण अभ्यर्थियों को शारीरिक तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है।
मंच ने बताया कि अभ्यर्थियों को छह मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी है। इसके लिए नियमित अभ्यास और शारीरिक तैयारी जरूरी है। परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी कम समय पहले मिलने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने परेशानी उत्पन्न हुई है। इसी अवधि में अन्य परीक्षाएं होने से भी उनकी कठिनाइयां बढ़ी हैं।
छात्र नेता रविन्द्र पासवान ने कहा कि अभ्यर्थियों के हित में दौड़ की तिथि कम-से-कम एक माह आगे बढ़नी चाहिए। वहीं, पीयूष कुमार सिंह ने सरकार से अभ्यर्थियों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में अरुण कुमार, राहुल क्रांति, उपेंद्र कुमार, बिपिन कुमार, दीपक कुमार, राहुल कुमार, जयराज कुमार, रूपेश पाल और विभाष कुमार सहित अन्य छात्र मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

