home page

मंच का नियुक्ति-परीक्षा सुधार पर छात्र महापंचायत 22 को

 | 
मंच का नियुक्ति-परीक्षा सुधार पर छात्र महापंचायत 22 को


रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने झारखंड में लंबित नियुक्तियों, परीक्षा सुधार और न्यायिक प्रक्रियाओं में अभ्यर्थियों के हितों की बात पर मंगलवार को रांची प्रेस क्लब में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 22 नवंबर 2026 को हजारीबाग के गांधी मैदान में सुबह 11 बजे छात्र महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें राज्यभर के छात्र-छात्राएं शामिल होकर अपनी समस्याओं और मांगों पर चर्चा करेंगे। बैठक के बाद प्रवक्ता रविन्द्र पासवान और पीयूष कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर बैठक में आगामी नियुक्तियों, परीक्षा प्रणाली में सुधार, लंबित कानूनी प्रक्रियाओं और आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

मौके पर उन्होंंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा सुधार और नियुक्तियों को लेकर ठोस पहल नहीं कर रही है। साथ ही न्यायालय में चल रही कानूनी लड़ाई में भी छात्रों का पक्ष मजबूती से नहीं रखा जा रहा है। रविन्द्र पासवान ने कहा कि अभ्यर्थी पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया और भर्ती कैलेंडर की मांग कर रहे हैं। महापंचायत में आंदोलन 2.0 की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि सभी पांच प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित होगी। जरूरत पड़ने पर छात्र संसद भी बुलाई जाएगी। मंच ने राज्य के अभ्यर्थियों से हजारीबाग पहुंचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar