स्वच्छ पाठशाला में विद्यार्थियों ने जाना ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का महत्व
रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत रांची नगर निगम की ओर से शुक्रवार को स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता पहल के अंतर्गत स्वच्छता ज्ञान यात्रा का आयोजन किया गया।
इस दौरान संत जॉन्स स्कूल की कक्षा 11 वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को निगम क्षेत्र के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को 4-स्तरीय स्रोत पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की विभिन्न प्रक्रियाओं और स्वच्छता में युवाओं की भूमिका की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने हरमू स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र का भी भ्रमण किया।
एमआरएफ केंद्र में विद्यार्थियों को प्राथमिक और द्वितीयक कचरा संग्रहण के साथ स्रोत पर कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया, संचालन और उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें बताया गया कि कचरे का स्रोत पर ही उचित पृथक्करण करने से उसके पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सकता है।
इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 और 4-स्तरीय स्रोत पृथक्करण की व्यवहारिक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्कूल परिसर और अपने घरों में स्वच्छता की स्थायी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

