बोकारो एयरपोर्ट के पास अतिक्रमण हटाने गई बीएसएल सिक्योरिटी टीम पर पथराव
बोकारो, 09 मई (हि.स.)।, बोकारो एयरपोर्ट से सटे क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी और टीए विभाग की टीम पर शनिवार को अचानक पथराव कर दिया गया।
घटना बोकारो शहर के सेक्टर 12-ए स्थित काली मंदिर के पास की बताई जा रही है। पथराव के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में दो होमगार्ड जवान घायल हो गए। घायलों की पहचान अकरम अंसारी और बबलू के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट बाउंड्री वॉल से अतिक्रमण हटाने के बाद दूसरी ओर कुछ लोग दोबारा घर निर्माण कर रहे थे। इसी को रोकने और अवैध निर्माण हटाने के लिए बीएसएल के टीए विभाग और सिक्योरिटी टीम के जवान मौके पर पहुंचे थे।
इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते पथराव होने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पथराव के दौरान बीएसएल सिक्योरिटी के अधिकारी नवीन कुमार बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि उनके बेहद करीब बड़े-बड़े पत्थर आकर गिरे। जवानों और अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

