पुनासी जलाशय में डाले गए मछली के बीज, मछुआरों की आजीविका को मिलेगी मजबूती
देवघर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और स्थानीय मछुआरों एवं मत्स्य पालकों की आजीविका मजबूत करने के उद्देश्य से पुनासी जलाशय में मछली के बीज (मत्स्य अंगुलिकाओं) डाला गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की उपस्थिति में ‘तालाब और जलाशय मत्स्य का विकास एवं जीर्णोद्धार योजना’ के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और मत्स्य पालकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए जलाशयों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और मत्स्य पालकों को आवश्यक तकनीकी एवं वित्तीय सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।
उपायुक्त ने कहा कि पुनासी जलाशय में मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन महज एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीणों और मछुआरा समाज के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन का लक्ष्य जल संसाधनों का सदुपयोग करते हुए स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अधिक अवसर पैदा करना है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना का सफल क्रियान्वयन जिले को मछली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ सरकार की ‘नीली क्रांति’ की परिकल्पना को भी गति प्रदान करेगा।
उपायुक्त ने स्थानीय मछुआरों और मत्स्य पालकों से वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, उचित प्रबंधन और विभागीय सहयोग के माध्यम से मत्स्य उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। जिला प्रशासन मत्स्य पालकों को हरसंभव तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मत्स्य अंगुलिका संचयन कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं मत्स्य प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इसके अलावा केज मित्र, मत्स्य मित्र, केज लाभुक, मत्स्य बीज उत्पादक और मत्स्य कृषकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

