रामगढ़ में कारगिल विजय स्मारक सहित कई प्रतिमाओं का अनावरण, जनचेतना अभियान की शुरुआत
रामगढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। ‘हमारा रामगढ़, हमारी जिम्मेदारी’ के नारे के साथ शनिवार को रामगढ़ छावनी परिषद की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर स्मारकों और प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनचेतना अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल, विधायक ममता देवी और छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) विवेक सिंह ने संयुक्त रूप से स्मारकों और प्रतिमाओं का अनावरण किया।
इस दौरान नई सराय पुलिस चेक पोस्ट के पास कारगिल विजय स्मारक, गांधी चौक के समीप दांडी मार्च स्मारक, सुभाष चौक स्थल, लघु सिंचाई विभाग के पास सूर्य नमस्कार प्रतिमा और रेलवे स्टेशन के समीप अशोक स्तंभ का अनावरण किया गया। इसके अलावा फुटबॉल मैदान में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भी अनावरण किया गया।
इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि रामगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार राशि स्वीकृत की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर महीने शहर में कुछ नया देखने को मिलेगा। सांसद ने लोगों से सार्वजनिक स्मारकों की सुरक्षा करने और उनके आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
विधायक ममता देवी ने कहा कि छावनी परिषद की ओर से किए जा रहे विकास कार्य अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। सड़कों के सुधार, नालियों के निर्माण और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण से शहर की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और योग से जुड़ी प्रतिमाएं लोगों को प्रेरित करेंगी।
छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह ने बताया कि जनचेतना अभियान के माध्यम से आम नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को अपने आसपास गंदगी फैलने से रोकने और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
छावनी मैदान में आयोजित ‘वेस्ट टू आर्ट’ प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बेकार वस्तुओं से उपयोगी और आकर्षक सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में छावनी परिषद उत्क्रमित मध्य विद्यालय, छोटकाकाना ने प्रथम, राम प्रसाद चंद्रभान विद्या मंदिर ने द्वितीय और विंसेंट पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर वर्ग में स्कॉलर्स हाई स्कूल प्रथम, राम प्रसाद चंद्रभान विद्या मंदिर द्वितीय और गुरु नानक पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

