home page

हेमंत सरकार में हिंदू आस्था पर हो रहे लगातार हमले : आदित्य

 | 
हेमंत सरकार में हिंदू आस्था पर हो रहे लगातार हमले : आदित्य


रांची, 09 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने गए माता के भक्तों, पर पुलिस कर्मियों की ओर से किए गए बर्बर लाठीचार्ज पर कड़ा रोष व्यक्त किया। साहू ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पिछले छह वर्षों से हेमंत सरकार ने हिंदुओं की आस्था, पर्व त्यौहार, पूजा पाठ में पुलिस प्रशासन की ओर से बाधा पैदा की जा रही है। विगत वर्ष तो सरहुल पूजा की शोभायात्रा को भी पुलिस कर्मियों ने नहीं बख्शा था।

उन्होंने कहा कि दशहरा, रामनवमी और शिवरात्रि में भी कभी मूर्ति छोटा करने,कभी झंडा छोटा करने, कभी शोभा यात्रा का मार्ग बदलने जैसे राज्य सरकार के निर्णयों ने पुलिस प्रशासन के मनोबल को हिंदू सनातन विरोधी बना दिया है। उन्होंने कहा कि आखिर रजरप्पा में आखिर क्यों निहत्थे श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई गईं। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। साहू ने पूछा कि क्या ये श्रद्धालु कोई आतंकवादी थे, कोई चोर डकैत अपराधी थे। ऐसी लाठियां तो अपराधियों पर ही बरसाई जाती है।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि अपराधियों गुंडा, बदमाशों के सामने राज्य पुलिस शरणागत बनी रहती है और आम आदमी को प्रताड़ित करती है। कोयला, बालू पत्थर की चोरी करने वालों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मधुपुर में मंदिर का जीर्णोद्घार करते हुए दलितों पर हुए हमले में पुलिस क्यों मूकदर्शक बनी रही। वहां दोषियों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई गई। साहु ने कहा कि सरकार का यह दोहरा चरित्र झारखंड की जनता देख रही है। उन्होंने राज्य सरकार से ऐसे निरंकुश पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे