home page

प्रदेश भाजपा ने झारखंड पात्रता परीक्षा में अव्यवस्था पर उठाए सवाल, कहा यह बेहद चिंताजनक

 | 
प्रदेश भाजपा ने झारखंड पात्रता परीक्षा में अव्यवस्था पर उठाए सवाल, कहा यह बेहद चिंताजनक


रांची,26 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा में अव्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने रविवार को कहा कि आज जो अव्यवस्था देखने को मिली, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। बोकारो और रांची के एक-एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र तक नहीं पहुंच गए , जिसके कारण शिक्षा और उड़िया विषय की परीक्षा रद्द करनी पड़ी। यह घटना राज्य की परीक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

साहू ने सवालिया लहजे में कहा कि युवाओं के भविष्य से बार-बार खिलवाड़ आखिर कब तक की जाएगी। राज्य की हेमंत सरकार सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाएं या तो लीक होती हैं या फिर अव्यवस्था का शिकार हो जाती हैं। मेहनत और उम्मीद लेकर परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों के साथ यह अन्याय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी जिम्मेवारी से भाग नहीं सकती है। उनको इस मामले में जवाब देना होगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी, ताकि भविष्य में किसी भी अभ्यर्थी के सपनों के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे