home page

जेपीएससी- जेएसएससी आंदोलन: बाबूलाल ने राज्य सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग

 | 
जेपीएससी- जेएसएससी आंदोलन: बाबूलाल ने राज्य सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग


रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर झारखंड में सियासत लगातार तेज हो रही है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया पर जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं और नियुक्तियों को लेकर कई नाम तेजी से सामने आ रहे हैं। इनमें 'मनीष भैया' सहित कुछ अन्य नामों को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों में धांधली और गैरकानूनी तरीके अपनाए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि जिन लोगों की नियुक्तियां संदिग्ध बताई जा रही हैं, उन्हें जांच पूरी होने तक पद से हटाया जाए और पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे जेपीएससी-जेएसएससी को लेकर युवाओं के बीच पैदा हुए अविश्वास को दूर करने में मदद मिलेगी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य के युवा लगातार सड़कों पर उतरकर अपने अधिकार और न्याय की मांग कर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और पूरे मामले में पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार इस मामले में चुप रहती है और कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो युवाओं और आम लोगों के बीच यह संदेश जाएगा कि सरकार इस पूरे मामले को लेकर गंभीर नहीं है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड का युवा न्याय की उम्मीद कर रहा है और सरकार को इस उम्मीद को बनाए रखने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे