home page

सत्ता के लिए सांप्रदायिक उन्माद और हिंसा की भाषा बोलना कांग्रेस के डीएनए में : आदित्य

 | 
सत्ता के लिए सांप्रदायिक उन्माद और हिंसा की भाषा बोलना कांग्रेस के डीएनए में : आदित्य


रांची, 07 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

साहू ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता के बिना मछली की तरह तड़प रही है। राजशाही सोच वाली यह पार्टी सत्ता को अपनी जागीर समझती है, लोकतंत्र के फैसले को कांग्रेस पार्टी कभी पचा नहीं पाती।

उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए हिंसा, नफरत फैलाना कांग्रेस पार्टी के डीएनए में शामिल है। इनका इतिहास इनके काले कारनामों से भरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में सत्ता के लिए इसी कांग्रेस पार्टी ने साम्प्रदायिक उन्माद खड़ा किया, तुष्टीकरण के आधार पर देश का विभाजन स्वीकार किया, हिंदू मुस्लिम के नाम पर दंगे भड़काकर लाखों देशवासियों की हत्या कराई और करोड़ों लोगों को रिफ्यूजी बनने को विवश कर दिया।

साहू ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने तो सत्ता के लिए आपातकाल लगा कर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की। बाद में उनकी हत्या का साम्प्रदायिक रंग देते हुए हजारों सिखों की हत्या करा दी गई। बड़ा पेड़ गिरता है तो पृथ्वी हिलती है ऐसी भाषा इसी कांग्रेस की है।

उन्होंने कहा कि शाहबानो केस में उच्चतम न्यायालय के फैसले को बदलना, एक पीड़ित महिला का वोट बैंक के लिए हक अधिकार छीन लेना यह कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है।

उन्होंने कहा कि भगवा आतंकवाद की भाषा बोलने वाली कांग्रेस देश में आतंकवादियों का महिमामंडन करती है, हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करती है, राम के अस्तित्व को नकार देती है। लेकिन कांग्रेस को शायद अहसास हो जाना चाहिए कि वह जितना हिंदू समाज को गाली देती गई और नफरत और हिंसा की भाषा बोलती है उतना जनता की नजरों से गिरती गई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को मिटाने की बात करने वाली कांग्रेस अब खुद मिटने की कगार पर है। राष्ट्र की सेवा में समर्पित करोड़ों स्वयंसेवक मां भारती की सेवा में समर्पित हैं। अपने शताब्दी वर्ष में भारत को सशक्त भारत समर्थ भारत स्वाभिमानी भारत आत्म निर्भर भारत बनाने की दिशा में बढ़ चुके हैं।

साहू ने कांग्रेस पार्टी से जनता के सामने अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे