हिटलर हेमंत हैशटैग झारखंड सरकार की छात्रों पर की गई क्रूरता का प्रतीक : बाउरी
रांची, 11 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में छात्रों पर झामुमो-कांग्रेस सरकार की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का असर सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हैशटैग हिटलर हेमंत हैशटैग नंबर-1 पर ट्रेंड करता नजर आया है। झारखंड के छात्रों के साथ हुए अन्याय का आक्रोश पूरे देश में देखने को मिल रहा है।
इस संबंध में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि एक्स पर नंबर-1 पर ट्रेंड कर रहा हिटलर हेमंत केवल एक हैशटैग भर नहीं है, बल्कि यह झारखंड सरकार की ओर से छात्रों पर की गई क्रूरता एवं बर्बरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह मेहरबानी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने जन्मदिन जैसे खास अवसर पर छात्रों के साथ किए गए हिटलरशाही रवैए और राहुल गांधी के इस संदर्भ में किए गए ट्वीट की है। दिखावट के लिए राहुल गांधी ने छात्रों पर लाठीचार्ज को गलत बताया तो राज्य सरकार ने उनके ट्वीट के बाद फिर तीन बार छात्रों पर अंधेरे का फायदा उठाकर लाठीचार्ज किया। 10 अगस्त की तारीख झारखंड कभी नहीं भूलेगा और इतिहास हेमंत सरकार की इस बर्बरता को कभी माफ नहीं करेगा। छात्रों के आंसुओं और अत्याचार का हिसाब हेमंत सोरेन और राहुल गांधी को देना होगा।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह सरकार अब जनभावनाओं से नहीं, दमन और तानाशाही से शासन करना चाहती है। अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे झारखंडी छात्रों पर पुलिसिया बर्बरता और लाठीचार्ज कर झारखंड को कलंकित किया गया है। हेमंत सोरेन सरकार की दमनकारी नीतियों और छात्रों की आवाज़ दबाने के इस शर्मनाक प्रयास का भाजपा पुरजोर विरोध करती है। सरकार को याद रखनी चाहिए कि लाठियों से आवाज़ दबाई जा सकती है, लेकिन युवाओं के हक की लड़ाई नहीं। यह लड़ाई किसी एक छात्र की नहीं, झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और अधिकार की लड़ाई है। यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। बाउरी ने कहा कि झारखंड सरकार को युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का हिसाब देना होगा। इन आंसुओं और इस अत्याचार का हिसाब देना होगा।
उन्होंने पूछा कि क्या झारखंड में अघोषित आपातकाल लागू है। 10 अगस्त को आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी सहित अन्य वरीय नेताओं और विधायकों को खेलगांव परिसर में ताला लगाकर 11 घंटे रोक कर रखा गया। भाजपा नेताओं का कसूर सिर्फ इतना था कि इन्होंने छात्रों के हक में आवाज उठाई।
बाउरी ने कहा कि झामुमो कांग्रेस सरकार ने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे झारखंड के छात्रों के आंदोलन को अपनी दमनकारी नीतियों से कलंकित करने का प्रयास किया है। इसकी कीमत इन्हें चुकानी ही होगी। यह आंदोलन लक्ष्य तक पहुंच कर ही रुकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

