home page

नैतिकता दिखाते हुए तत्काल इस्तीफा दें मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन : संदीप वर्मा

 | 
नैतिकता दिखाते हुए तत्काल इस्तीफा दें मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन : संदीप वर्मा


रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने कहा कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र जनता के महत्वपूर्ण मुद्दों से बचने के लिए छोटा रखा गया है। सरकार को सदन में प्रदेश के युवाओं, कानून-व्यवस्था और विभिन्न घोटालों पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पिछले 13 दिनों से राज्यभर के छात्र रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे हैं। बारिश और धूप के बीच छात्र न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। वहीं, केंद्र में नीट परीक्षा के मुद्दे पर राजनीति करने वाली कांग्रेस और राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर पूरी तरह मौन हैं।

संदीप वर्मा ने मांग किया कि चौदहवीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए तथा पिछले सात वर्षों में आयोजित जेपीएससी और जेएसएससी की सभी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चौदहवीं जेपीएससी परीक्षा से जुड़े आरोपियों के पास पोस्ट-डेटेड चेक और जमीन के दस्तावेज मिलने जैसी बातें गंभीर सवाल खड़े करती हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा के इस सत्र में सरकार को प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, ट्रेजरी घोटाला, कौशल विकास योजना में कथित गड़बड़ी तथा अन्य मामलों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। साथ ही सरकार यह भी बताए कि इन मामलों में अब तक कितने लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है और जांच की वर्तमान स्थिति क्या है।

संदीप वर्मा ने कहा कि जब जांच एजेंसियों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और कई मामलों में कार्रवाई को लेकर जनता के मन में संदेह है, तब सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने मांग किया कि मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और सभी मामलों की सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि प्रदेश के युवाओं और जनता का विश्वास बहाल हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे