जेपीएससी परीक्षा में धांधली का आरोप, 22 जुलाई को घेराव करेगी भाजयुमो
रांची, 20 जुलाई( हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार और आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे लाखों अभ्यर्थियों में नाराजगी है। आदित्य साहू ने सोमवार को कहा कि जारी मार्कशीट में संबंधित अधिकारियों और आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभ्यर्थियों को आरटीआई के माध्यम से ओएमआर शीट की प्रति नहीं दी जा रही है और वेबसाइट पर भी इससे जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने मेहनत से परीक्षा दी है, इसलिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। युवाओं के भविष्य से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। इन मुद्दों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेगा।
सुबह 10 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम में कार्यकर्ता जुटेंगे और वहां से जेपीएससी कार्यालय तक मार्च निकालेंगे। आदित्य साहू ने युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों के लिए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

