home page

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में एसएसपी ने सुनी लोगों की समस्याएं, निष्पादन के निर्देश

 | 
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में एसएसपी ने सुनी लोगों की समस्याएं, निष्पादन के निर्देश


रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। आम लोगों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस ने नई पहल शुरू की है। अब जिले के सभी थानों में प्रत्येक बुधवार जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत बुधवार से हुई, जहां पुलिस अधिकारियों ने थानों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन लालपुर थाना पहुंचे। उन्होंने फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं।

कार्यक्रम के दौरान एक पारिवारिक विवाद का मामला चर्चा का विषय बना। एक बुजुर्ग ने अपनी बहू पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पता चला कि बुजुर्ग का बेटा बेरोजगार है, जबकि बहू अपने छोटे बेटे की पढ़ाई और अन्य खर्चों को लेकर परेशान है। बुजुर्ग की लगभग 12 हजार रुपये मासिक आय की जानकारी मिलने पर एसएसपी ने उनसे पोते की शिक्षा के लिए हर महीने 2 हजार रुपये सहयोग करने का सुझाव दिया। बुजुर्ग ने इसे तुरंत स्वीकार कर लिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से संतुष्ट होकर घर लौट गए। बुधवार को आयोजित इस अभियान में लालपुर थाना में कुल 10 शिकायतें दर्ज हुईं।

वहीं, डेली मार्केट थाना में कोई शिकायत नहीं आई, जबकि हिंदपीढ़ी थाना में जमीन विवाद से जुड़े दो मामले पहुंचे। शहर के अन्य थानों में भी लोगों की शिकायतें सुनी गई और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के जल्द निष्पादन का भरोसा दिया गया। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि यह कार्यक्रम अब हर बुधवार जिले के सभी थानों में नियमित रूप से आयोजित होगा। इसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना, लोगों को थाने में सहज माहौल उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस पहल को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा और समय पर न्याय मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे