सभी मतदान केंद्रों पर 08 और 09 अगस्त को लगेगा विशेष मतदाता शिविर
देवघर, 07 अगस्त (हि.स.)।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 08 एवं 09 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रथम विशेष मतदाता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष शिविर में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नया नाम जुड़वा सकेंगे। जिन युवाओं की आयु 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण हो जाएगी या हो चुकी है, वे प्रपत्र-6 एवं घोषणा-पत्र के साथ आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
इसके अलावा यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, तो वे आवेदन देकर परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं। वहीं निवास स्थान परिवर्तन, मतदाता सूची में प्रविष्टियों में संशोधन, बिना संशोधन के नया ईपीआईसी (मतदाता पहचान पत्र) प्राप्त करने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हित कराने के लिए प्रपत्र-8 एवं घोषणा-पत्र के साथ आवेदन संबंधित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना महत्व है। इसलिए जिन पात्र नागरिकों का नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, वे निर्धारित तिथि को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवेदन भरें और अपना मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

