home page

उलीडीह के हाई रिस्क गांव में विशेष टीबी जांच शिविर, 110 लोगों की स्क्रीनिंग, दो संभावित मरीज मिले

 | 
उलीडीह के हाई रिस्क गांव में विशेष टीबी जांच शिविर, 110 लोगों की स्क्रीनिंग, दो संभावित मरीज मिले


रांची, 10 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय यक्ष्मा रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत संचालित 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उलीडीह के अधीन चिन्हित हाई रिस्क गांव में विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीणों को बीमारी के प्रति जागरूक करना था।

शिविर का आयोजन सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. एस. बास्की के मार्गदर्शन में किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित किया और टीबी के लक्षण वाले व्यक्तियों की प्राथमिक जांच की।

शिविर में कुल 110 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 52 लोगों में टीबी की आशंका पाए जाने पर उनका हैंड एक्स-रे कराया गया। इनमें 30 पुरुष और 22 महिलाएं शामिल थीं। एक्स-रे और प्रारंभिक जांच के आधार पर दो संभावित टीबी मरीजों की पहचान की गई। दोनों को पुष्टि के लिए स्प्यूटम (बलगम) जांच के लिए स्प्यूटम कंटेनर उपलब्ध कराया गया, ताकि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार तत्काल उपचार शुरू किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, वजन कम होना, बुखार, रात में पसीना आना अथवा बलगम में खून आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वह बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराए।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को टीबी से बचाव, समय पर जांच, नियमित दवा सेवन और उपचार का पूरा कोर्स पूरा करने के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि सरकार की ओर से टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच, दवा और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही टीबी मरीजों के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और उपचार के दौरान उनका सहयोग करने की अपील भी की गई।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) राकेश राय, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, एसटीएस, एसटीएलएस, एक्स-रे तकनीशियन, सहिया तथा बड़ी संख्या में सहिया साथी उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar