डीएल के लिए लगे विशेष कैंप में 100 आवेदकों में 58 उत्तीर्ण
रामगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार को गोला प्रखंड मुख्यालय परिसर में आम जनता की सुविधा के लिए एक दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित इस कैंप में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित परिवहन विभाग की सेवाएं उपलब्ध कराना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। ऑन-स्पॉट दस्तावेजों की जांच और पारदर्शी परीक्षा कैंप के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सभी आवेदकों के दस्तावेजों की ऑन-स्पॉट स्क्रूटनी की। इसके बाद पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कंप्यूटर आधारित लर्निंग लाइसेंस (एलएल) टेस्ट का आयोजन किया गया। कैंप में कुल 100 आवेदकों ने अपना पंजीकरण कराया और परीक्षा में भाग लिया। यातायात नियमों की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 58 आवेदक उत्तीर्ण घोषित किए गए। इन सभी सफल आवेदकों को नियमानुसार जल्द ही लर्निंग लाइसेंस निर्गत कर दिया जाएगा।
कठिन प्रयासों के बावजूद 42 आवेदक इस परीक्षा को उत्तीर्ण नहीं कर सके और वे यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक परीक्षा में असफल रहे। वहीं इन आवेदकों को निराश नहीं होने की सलाह देते हुए विभागीय अधिकारियों ने काउंसलिंग की। उन्हें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सिग्नल और यातायात नियमों की विस्तृत पुस्तिका दी गई, ताकि वे पूरी तैयारी के साथ पुनः परीक्षा में शामिल हो सकें।
मौके पर डीटीओ राजेश एक्का ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य केवल लाइसेंस प्रदान करना नहीं, बल्कि हर नागरिक को एक जिम्मेदार और सुरक्षित चालक बनाना है। डीटीओ ने कहा कि गोला प्रखंड में आयोजित इस कैंप की सफलता को देखते हुए आने वाले दिनों में जिले के अन्य सुदूर प्रखंडों में भी इसी तरह के विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

