home page

रांची स्पीक्स प्रतियोगिता में फहद अराफात और रोशनी कुमारी ने मारी बाजी

 | 
रांची स्पीक्स प्रतियोगिता में फहद अराफात और रोशनी कुमारी ने मारी बाजी


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। राजधानी के डोरंडा स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीएमपी में बुधवार को रांची स्पीक्स एनुअल कॉम्पटीशन-2026 के तहत क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें डोरंडा क्षेत्र के नौ विद्यालयों के प्राथमिक वर्ग कक्षा एक से पांच और उच्च प्राथमिक वर्ग कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक और सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

प्राथमिक वर्ग में राजकीयकृत इस्लामिया बालक मध्य विद्यालय, डोरंडा के कक्षा चार के छात्र मो. फहद अराफात ने 68 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीएमपी डोरंडा की कक्षा पांच की नंदिनी कुमारी 62 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं राजकीयकृत मध्य विद्यालय हिनू यूनाइटेड रांची के कक्षा चार के छात्र अरनव तिर्की ने 59 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

उच्च प्राथमिक वर्ग में राजकीयकृत इस्माइलिया बालक मध्य विद्यालय, डोरंडा की कक्षा छह की छात्रा रोशनी कुमारी ने 48 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय की कक्षा छह की अमृता कुमारी 47 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बीएमपी डोरंडा स्कूल की कक्षा आठ की बुशरा हुसैन ने 43 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘शिक्षक प्रथम रोल मॉडल’, ‘सौर ऊर्जा : भविष्य की ऊर्जा’, ‘स्वच्छता का महत्व’, ‘झारखंड राज्य के 25 वर्ष’, ‘शिक्षा सफलता की कुंजी’ और ‘सतत विकास एवं कल की मजबूती’ जैसे विषयों पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों और समसामयिक विषयों पर अपनी समझ भी प्रदर्शित की।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, समसामयिक विषयों की समझ और मंचीय प्रस्तुति की क्षमता विकसित करना था। निर्णायक मंडल ने विषय-वस्तु, अभिव्यक्ति, प्रस्तुति और प्रभाव के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक सह डीडीओ रांची-2 अशोक प्रसाद सिंह, सीआरसी नोडल सरला तथा निर्णायक मंडल के सदस्य निशी अर्पिता लाकड़ा, ओम प्रकाश सिन्हा और पम्मी कुमारी की भूमिका रही। संकुल परिवार ने सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। क्लस्टर स्तर पर चयनित विजेता छात्र-छात्राएं अब प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak