मारवाड़ी महिला मंच सृजन शाखा का दो दिवसीय स्पार्कल मेला शुरू, जरूरतमंदों को मिला सिलाई मशीनें-व्हीलचेयर
रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंच की सृजन शाखा की ओर से आयोजित दो दिवसीय 'स्पार्कल मेले' का सोमवार को शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नीता सेठ ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर सृजन शाखा ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए जरूरतमंदों के लिए दो सिलाई मशीनें और एक व्हीलचेयर दान की।
उद्घाटन समारोह में शाखा अध्यक्ष नेहा सरावगी ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, सचिव रीता मोदी ने शाखा की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि नीता सेठ ने मेले की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से प्राप्त राशि का उपयोग समाजसेवा के कार्यों में करना सराहनीय पहल है। उन्होंने महिलाओं के सामाजिक योगदान और सेवा भावना की प्रशंसा की।
विशिष्ट अतिथि गार्गी मल्हानी सेठ ने मेले की आकर्षक सजावट और आयोजन में महिलाओं के उत्साह की सराहना की। वहीं, मारवाड़ी महिला समिति की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरा बथुवाल ने सदस्यों को समाजसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता को मंच देने के साथ सामाजिक सेवा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर सृजन शाखा की ओर से दो सिलाई मशीनें और एक व्हीलचेयर दान की गईं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को पौधे और उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह का मंच संचालन राशि सरावगी ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में निधि सराफ, अमिता केडिया, शालू सिंघानिया, आकृति सिंघानिया और श्वेता सरावगी सहित शाखा की अन्य सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के मंत्री निर्मल बुधिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सज्जन पाड़िया, जेसीआई उड़ान की अध्यक्ष प्रिया लखोटिया, शुभा समर्पण शाखा की प्रतिनिधि रेखा तथा क्यूरेशिया से जुड़ीं डॉ. अनुप्रिया और डॉ. ओमी सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

