home page

गोला थाना पहुंचे रामगढ़ एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और सघन गश्ती के दिए निर्देश

 | 
गोला थाना पहुंचे रामगढ़ एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और सघन गश्ती के दिए निर्देश


गोला थाना पहुंचे रामगढ़ एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और सघन गश्ती के दिए निर्देश


रामगढ़, 26 मई (हि.स.)। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत मंगलवार को गोला थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना अभिलेखों की गहन जांच करते हुए लंबित मामलों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कहा कि वारंटियों और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान तेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों को सक्रिय और सतर्क रहने का निर्देश दिया।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बैंक और एटीएम के आसपास नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोका जा सके।

इसके अलावा उन्होंने थाना क्षेत्र में अड्डाबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की लगातार मौजूदगी और गश्ती से अपराधियों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

आगामी बकरीद पर्व को लेकर भी एसपी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश