रामगढ़ एसपी ने किया बरकाकाना ओपी का निरीक्षण
रामगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने रविवार को बरकाकाना ओपी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओपी परिसर में तैनात पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, मालखाना, हाजत सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना में दर्ज मामलों की समीक्षा की और लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण तथा गश्ती व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए नियमित गश्ती तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखना आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनता के साथ विनम्र व्यवहार करें और लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध होने से अपराध नियंत्रण में काफी मदद मिलती है। उन्होंने ओपी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सही रख-रखाव और ड्यूटी में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान बरकाकाना ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। मौके पर पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा, अरविंद सिंह, शाहनवाज खान, सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

