home page

जेपीएससी-सीजीएल में सीबीआई जांच से क्यों कतरा रही सरकार : बेबी महतो

 | 
जेपीएससी-सीजीएल में सीबीआई जांच से क्यों कतरा रही सरकार : बेबी महतो


रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी छात्र आंदोलनकारी नेत्री बेबी महतो ने राज्य सरकार पर जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष और सीबीआई जांच से बचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले की जांच में अभय तिवारी के कथित तौर पर 400 से अधिक लोगों को नौकरी दिलाने की बात सामने आई है। इसके अलावा सत्ताधारी दल के एक दिग्गज नेता की पत्नी, जेपीएससी सदस्य सहित अन्य लोगों की संदिग्ध भूमिका सामने है। इसके बावजूद सरकार मामले को आगे क्यों नहीं बढ़ा रही है। जेपीएससी-जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं की सीबीआई जांच से क्यों कतरा रही है। सरकार को किस बात का डर है।

बेबी महतो रविवार को जयपाल सिंह स्टेडियम मीडिया से बातचीत में कहा कि एक ओर सरकार खुद को राज्य का अभिभावक मानती है। एक ओर स्वतंत्रता दिवस पर आजादी का झंडा फहराती है, वहीं दूसरी ओर सड़क पर आंदोलन कर रहे छात्रों और अनशनकारियों की सुध नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री राज्य के छात्रों के प्रति कैसा दायित्व निर्वहन कर रहे है। सदर अस्पताल में इलाजरत देवेंद्रनाथ महतो और उनके साथियों के साथ पुलिस की कथित धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया जो गलत है।

उन्होंने कहा कि एक महीने से छात्र अपने अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार खामोश है, आश्वासन देकर आंदोलन टालने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव ऐतिहासिक होगा। सरकार को परीक्षाओं की सीबीआई जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी होगी नहीं तो आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar