home page

सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और किसान उत्पादक कंपनी को मिला ट्रैक्टर

 | 
सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और किसान उत्पादक कंपनी को मिला ट्रैक्टर


-15 लाभुकों को स्वरोजगार के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत

रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़े के तहत शनिवार को रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में स्वच्छता, आवास, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

इसी क्रम में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की ओर से सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और किसान उत्पादक कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। वहीं, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों को स्वरोजगार के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया, जबकि सामुदायिक निवेश निधि के तहत विभिन्न समूहों को 135.22 लाख रुपये वितरित किए गए।

इसके अलावा 1,425 लाभार्थियों का आधार ई-केवाईसी पूरा किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता शिविर, पोषण जागरूकता कार्यक्रम और नशामुक्ति अभियान भी चलाए गए। स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।

आवास योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, बाल सभाओं के माध्यम से स्वच्छता और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया।

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुंडरू जलप्रपात सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों और पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही राहे और नगड़ी में रबी कार्यशाला तथा खेत बचाओ अभियान आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को कृषि विकास, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar