हीरोइन और गांजा के साथ तस्कर हुआ गिरफ्तार
रामगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ एसपी मुकेश कुमार लुनायत लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान में हीरोइन और गांजे की तस्करी करते हुए शुक्रवार को एक तस्कर को पकड़ा गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस को यह सफलता भदानी नगर ओपी क्षेत्र में मिली। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि पतरातू थाने में दर्ज मामले में अनुसंधान चल रहा था। इस कांड में 24 जुलाई को अभियुक्त एजाज अंसारी उर्फ विक्की, अजमत अंसारी, राहुल कुमार बेदिया को 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया था। उनके पास से पुलिस ने एक बाइक, चार मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त्त की थी।
एसपी ने बताया कि उन तीनों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने आगे अनुसंधान शुरू किया। इस दौरान प्राथमिकी अभियुक्त राहुल कुमार उर्फ राहुल गिरी के हीरोइन और गांजे की तस्करी की जानकारी पुलिस को मिली। राहुल कुमार उर्फ राहुल गिरी मूल रूप से भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सेंट्रल सौंदा का रहने वाला है। पुलिस ने जब उसे पकड़ तो उसकी निशानदेही पर उसके घर के पास से ही अवैध मादक पदार्थ हीरोइन और गांजा जब्त्त किया गया। पुलिस ने जब उसका वजन किया तो हीरोइन 19.15 ग्राम और गांजा 68.99 ग्राम पाया गया।
एसपी ने बताया कि राहुल का नशे के व्यापार में पुराना इतिहास रहा है। वह पतरातु प्रखंड क्षेत्र में काफी सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ पहले भी पतरातू क्षेत्र में तीन-तीन मामले दर्ज हैं। सभी मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत ही दर्ज किए गए हैं।
इस छापेमारी में भदानीनगर ओपी प्रभारी मो अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी के सब इंस्पेक्टर सोमाय सोरेन, एएसआई संजय कुमार सिंह शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

