home page

हरमू पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख, भाजपा ने अरगोड़ा थाना में दर्ज करायी प्राथमिकी

 | 
हरमू पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख, भाजपा ने अरगोड़ा थाना में दर्ज करायी प्राथमिकी


रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित हरमू पार्क में रविवार रात डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने और उसे क्षतिग्रस्त करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। सोमवार को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अरगोड़ा थाना पहुंचकर मामले में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, रमेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता हरमू पार्क पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा की साफ-सफाई की और माल्यार्पण किया। इसके बाद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल अरगोड़ा थाना पहुंचा। इसमें नवीन जायसवाल, वरुण साहू सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा की ओर से हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की मांग की। भाजपा ने आरोपितों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा नेताओं ने हरमू क्षेत्र में कथित असामाजिक गतिविधियों और नशाखोरी पर भी चिंता जताई तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।

मौके पर दीपक प्रकाश ने घटना को शर्मनाक बताते हुए आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर प्रतिमा को अपवित्र करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और भाजपा की विचारधारा के प्रमुख व्यक्तित्वों में से एक थे। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया जा सकता है, लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को मिटाया नहीं जा सकता।

दीपक प्रकाश ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोपितों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, रांची महानगर के उप मेयर नीरज कुमार, प्रतुल शाहदेव, सुधीर श्रीवास्तव, दीनदयाल वर्णवाल, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सूरज शाहदेव, सतीश सिन्हा, अजय राय, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रमेश सिंह, अरुण झा, सुनील साहू, राजू सिंह, जितेंद्र वर्मा, इंद्रजीत यादव, अर्चना सिंह, विशाल साहू, उमेश यादव, अभिचल सिंह, सुशील दुबे और चंदन सिंह सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे