home page

झारखंड के सभी जिलों में भारी बारिश से स्थिति में सुधार, पानी से लबालब हुए जलस्रोत

 | 
झारखंड के सभी जिलों में भारी बारिश से स्थिति में सुधार, पानी से लबालब हुए जलस्रोत


रांची, 01 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य के सभी जिलों में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से स्थिति में सुधार हुआ है। भारी बारिश से राज्य भर के अधिकांश जलस्रोत (नदियां, डैम और तालाब) पानी से लबालब भर गए हैं। अधिकांश नदियां तूफान पर हैं और झरनों ने रौद्र रूप में धारण कर लिया है।

वहीं भारी बारिश से राज्य भर में बारिश की स्थिति में सुधार हुआ है। 01 जून से 01 सितंबर तक राज्य भर में 807.1 मिलीमीटर की तुलना में 785.7 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। यह सामान्य बारिश से 03 प्रतिशत कम है। अच्छी बारिश से इस बार खरीफ फसल के अच्छी पैदावार की उम्मीद है। भारी बारिश से राज्य के किसान काफी खुश हैं।

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक बारिश दर्ज

राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम में दर्ज की गई है। यहां अब तक सामान्य से 54 प्रतिशत अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। वहीं इस दौरान सबसे कम बारिश पाकुड़ जिले रिकॉर्ड की गई है। यहां सामान्य से 51 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इधर, राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में पिछले 72 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण कई मुहल्लों में बारिश का पानी जमा हो गया है। साथ ही कई घरों में भी बारिश का पानी भर गया है। राजधानी के कोकर, पंडरा, डोरंडा, पंचशीलनगर, अरगोड़ा, अपर बाजार के सेवा सदन, धुर्वा सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

04 सितंबर तक येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य भर के लिए ०4 सितंबर तक बारिश और आकाशीय बिजी बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से 02 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिले पलामू, गढ़वा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में 217.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

इस दौरान सबसे अधिक तापमान दुमका में 31.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।

वहीं, मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 30.2 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.5 और न्यूनतम 25.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.5 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak