home page

धनबाद में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण पूरा, 05 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

 | 
धनबाद में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण पूरा, 05 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट


धनबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। धनबाद में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि बीएलओ की ओर से घर-घर सर्वे, फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है। 05 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जिसके बाद एक महीने तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। साथ ही मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन के तहत कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं।

गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन के तहत झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्र के 09 और सिंदरी के 01 मतदान केंद्र को बंद किया गया है। वहीं जिन बूथों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक थी, उन्हें विभाजित कर नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को सुविधा मिल सके।

उपायुक्त ने बताया कि 05 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इस दौरान नए मतदाता, छूटे हुए पात्र नागरिक और मतदाता सूची में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 07 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 21 लाख 15 हजार 997 मतदाता हैं। बीएलओ की ओर से घर-घर फॉर्म वितरित किए गए, लेकिन 04 लाख 63 हजार 794 फॉर्म वापस नहीं लौटे। इनमें बड़ी संख्या में शिफ्टेड, अनुपस्थित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के मामले शामिल हैं। झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित लोगों के नाम भी दावा-आपत्ति अवधि में नए स्थान पर जोड़े जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि समय पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले बीएलओ, विशेषकर टुंडी क्षेत्र के कर्मियों को 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा