रामगढ़ में धूमधाम से मनी श्री कृष्ण जन्माष्टमी, झूले पर सवार हुए लड्डू गोपाल
रामगढ़, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले में श्री कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर लड्डू गोपाल को झूले पर बिठाया गया और भक्तों ने उनकी आराधना की। शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण के लड्डू गोपाल स्वरूप की पूजा हुई। इसके अलावा इस्कॉन ने भी भव्य आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। शहर के टायर मोड़ स्थित कलश वेंकटेश होटल परिसर में श्री कृष्ण कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन हुआ।
इस दौरान हरि नाम संकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्री कृष्ण की लीला, भगवान श्री कृष्ण का दिव्य अभिषेक, विशेष आरती, मंगल दर्शन, श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। इस मौके पर भक्त जनों ने भगवान श्री कृष्ण का विशेष अभिषेक कर उन्हें झूले में झुलाया। साथ ही श्री कृष्ण का भव्य दर्शन कार्यक्रम ने लोगों के हृदय को छू लिया।
शहर के नेहरू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में बाबा श्याम का अभिषेक किया गया। इस मौके पर पूरे दिन भजन कीर्तन और भंडारा चलता रहा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्री श्याम मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। बेहद आकर्षक विद्युत सज्जा और श्री श्याम प्रभु का भव्य श्रृंगार देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
शहर के चट्टी बाजार स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर, शिवाजी रोड स्थित किला मंदिर, टीओपी परिसर में भगवान श्री कृष्ण का आकर्षक झूला लोगों को देखने को मिला। बिजुलिया स्थित जलाराम मंदिर के अलावा रांची रोड, अरगड्डा, भुरकुंडा, पतरातु, रजरप्पा, गोला, मांडू, कुजू क्षेत्र में भी जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्री कृष्ण की पूजा की गई। साथ ही मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

