इस्कॉन का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव चार को, राज्यपाल होंगे शामिल
रांची, 29 अगस्त (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन रांची की ओर से इस वर्ष भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के तहत 30 अगस्त से 03 सितंबर 2026 तक पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा होगी, जबकि 04 सितंबर को मुख्य जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 05 बजे से रात 08 बजे तक होगा। कथा के साथ मधुर कीर्तन, भजन और सभी श्रद्धालुओं के लिए रात्रि प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। कथा का वाचन लीला पुरुषोत्तम प्रभु, डायरेक्टर, आईटी मंडी, भक्तिवेदांत यूनिवर्सिटी और गुरुकुल, वृंदावन करेंगे।
आयोजन का मुख्य कार्यक्रम 04 सितंबर 2026, शुक्रवार की शाम 04 बजे से देर रात 12.30 बजे तक होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जन्माष्टमी विशेष कीर्तन, श्रीकृष्ण लीलाओं की जीवंत झांकियां और भव्य महाभिषेक दर्शन प्रमुख आकर्षण होंगे। श्रद्धालुओं को श्री श्री राधा-कृष्ण एवं लड्डू गोपाल को झूला झुलाने का भी विशेष अवसर मिलेगा।
इसके अलावा वैदिक प्रदर्शनी और मेले का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण को 1008 भोग अर्पित किए जाएंगे और श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।
इस्कॉन रांची के आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संदेश और भक्ति की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन दर्शन को समझने का अवसर मिलेगा। मुख्य जन्माष्टमी समारोह में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वैदिक प्रदर्शनी के जरिए भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार इस महोत्सव में शामिल होने और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी बनने की अपील की है।
जन्माष्टमी एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन स्वास्तिक ईएनटी हॉस्पिटल के पास, डीएवी हेहल स्कूल के सामने, कटहल मोड़, रांची में किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

