श्रावणी मेला में डाक बम श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी
देवघर, 07 अगस्त (हि.स.)।
राजकीय श्रावणी मेला अब धीरे-धीरे अपने पूरे रंग में नजर आने लगा है। कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रुक-रुक कर हो रही बारिश ने भी मौसम को सुहावना बना दिया है, जिससे कांवरियों के उत्साह में और बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं, पिछले कुछ दिनों की तुलना में डाक बम श्रद्धालुओं की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
बिहार से आए डाक बम श्रद्धालु रमेश, सुनील, सुजीत और अनुपम ने बताया कि कांवरिया पथ पर गंगा की बालू बिछाए जाने से यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो गई है। उनका कहना है कि पहले बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने में दो से ढाई दिन लग जाते थे, जबकि अब वे लगभग 28 से 30 घंटे में अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड सीमा में प्रवेश करने के बाद पेयजल, आवासन, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रा के दौरान काफी सहूलियत मिल रही है।
हालांकि कुछ कांवरियों ने मंदिर परिसर की व्यवस्था में और सुधार की आवश्यकता भी जताई। उनका कहना है कि शहर के भीतर लंबा मार्ग तय करना पड़ता है, जिसके कारण कई श्रद्धालु कतार छोड़कर सीधे मंदिर परिसर पहुंच जाते हैं और बाहरी अर्घा से ही जलार्पण कर लौट जाते हैं।
जानकारी के अभाव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हो जाते हैं, जिससे वहां अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती है। कांवरियों का मानना है कि यदि मार्ग और जलार्पण व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, तो भीड़ प्रबंधन और अधिक प्रभावी हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

