उपायुक्त ने दिया ओडीएफ प्लस में सुस्ती पर तीन अधिकारियों को शोकॉज करने का निर्देश
रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जल जीवन मिशन (जेजेएम) और स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम-जी) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने ओडीएफ प्लस में सुस्ती बरतने के आरोप में तीन प्रखंडों में संबंधित अधिकारी पदाधिकारियों को शॉकोज करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जेजेएम के तहत लंबित एमवीएस (मल्टी विलेज स्कीम) और एसवीसी (सिंगल विलेज स्कीम) को जल्द पूरा करने को कहा। रेलवे और एनएचएआई से जुड़ी बाधाओं की सूची तैयार कर संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान कराने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण, दस्तावेजीकरण और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेयजल शिकायतों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मूलभूत सुविधा से जुड़ी शिकायतों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अबुआ ग्रुप, झारजल, कॉल सेंटर और कनीय अभियंताओं के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने का निर्देश दिया गया।
एसबीएम-जी की समीक्षा में आई्रएचएचएल निर्माण के लिए पात्र लाभुकों का शीघ्र चयन करने को कहा गया। जिले के करीब 1300 गांवों में 499 मॉडल विलेज विकसित होने की जानकारी दी गई। शेष गांवों में कार्य और भौतिक सत्यापन तेज करने का निर्देश मिला। ओडीएफ प्लस की धीमी प्रगति पर चान्हो, मांडर और बुढ़मू के प्रखंड समन्वयकों से शोकॉज मांगा गया। बैठक में अधिकारियों को शौचालय उपयोग और स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर कई पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

