न्यू वेंडिंग जोन में ही लगाएं दुकान, उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई : सीईओ
रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। शहर में व्यापार के लिए नियम बनाए गए हैं छावनी परिषद क्षेत्र में वेंडिंग जोन भी बना है। जिस स्थान पर व्यापारियों को दुकान और स्थान दिया गया है, वहीं बाजार लगेगा। यह निर्देश छावनी परिषद के अधिशाषी अधिकारी विवेक कुमार सिंह ने शुक्रवार काे जारी किया है। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों को न्यू वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित की गई है, वे अपने निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाएं। पुराना बस स्टैंड या अन्य स्थानों पर दुकान आवंटित कराने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दुकान आवंटन रद्द किया जा सकता है।
उनके इस निर्देश के बाद शुक्रवार को खुदरा सब्जी विक्रेता संघ की बैठक न्यू वेंडिंग जोन परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संघ के अध्यक्ष नीरज मंडल ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से बना वेंडिंग जोन उपेक्षा का शिकार है। वेंडिंग जोन का उद्देश्य सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना था। लेकिन वर्तमान में इसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। जिसके कारण कई सब्जी एवं फल विक्रेता पुनः मुख्य सड़कों और चौराहों के किनारे दुकानें लगाने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि अव्यवस्थित ढंग से लग रही दुकानों के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
संघ के अध्यक्ष नीरज मंडल ने कहा कि यदि सभी सब्जी और फल विक्रेता एक स्थान पर व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाएंगे तो ग्राहकों को भी सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने सभी दुकानदारों से वेंडिंग जोन को पुनः सक्रिय और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।
संघ के सचिव संजय कुशवाहा ने सभी खुदरा सब्जी और फल विक्रेताओं से निर्धारित वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे दुकान लगाने से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि बाजार की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसलिए सभी दुकानदारों को सामूहिक जिम्मेदारी निभाते हुए वेंडिंग जोन को सफल बनाना चाहिए।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष संजय बनारसी, कोषाध्यक्ष राजा सोनकर, राम प्रवेश गुप्ता, अजय कुशवाहा, सुखदेव साव, लेखनाथ महतो, अजय कुमार, बिनोद कुमार, बसंत कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सब्जी और फल विक्रेता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

