home page

राजराप्पा मंदिर के बाहर से हटाई गईं 254 दुकानें, विहिप ने उठाया आजीविका व सुविधाओं का मुद्दा

 | 
राजराप्पा मंदिर के बाहर से हटाई गईं 254 दुकानें, विहिप ने उठाया आजीविका व सुविधाओं का मुद्दा


रामगढ़, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका मंदिर के बाहर झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर 254 दुकानों को हटाए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है, जिसे लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने आवाज उठाई है।

विहिप ने प्रशासन के समक्ष मंदिर परिसर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को रखते हुए मांगों का एक विस्तृत प्रस्ताव सौंपा है। संगठन का कहना है कि अचानक हुई इस कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है और उनके पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।

संगठन ने मंदिर क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था पर भी चिंता जताई है। खासतौर पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विहिप ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर में स्थायी और सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इसके अलावा, संगठन ने यह भी कहा कि मां छिन्नमस्तिका मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें महंगे निजी होटलों या कमरों का सहारा लेना पड़ता है।

इस समस्या को देखते हुए विहिप ने मंदिर क्षेत्र में सरकारी धर्मशाला या आवासीय भवन निर्माण की मांग की है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सस्ती और सुविधाजनक आवास व्यवस्था उपलब्ध हो सके।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश