फाउंडेशन ने सेवा पखवाड़ा में मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिन
रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। सामाजिक संस्था शिवा फाउंडेशन की ओर से पहाड़ी मंदिर रांची के पीछे स्थित सृजन हेल्प मूक-बधिर आश्रम में बुधवार को सेवा पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76 वां जन्मदिन सेवा एवं सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया गया। इस दौरान आश्रम के बच्चों के बीच भोजन, फल, मिठाई, शिक्षण सामग्री, खेल सामग्री सहित दैनिक उपयोग की जरूरत के सामान का वितरण किया गया।
आश्रम के बच्चों को किताबें, कॉपियां, पेंसिल, रबर, कटर, चॉकलेट, बिस्किट, फल, मिठाइयां और खेल सामग्री दी गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। आयोजकों ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंदों के बीच सेवा और खुशियां साझा करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के बीच समय बिताना और उनकी जरूरतों में सहयोग करना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
शिवा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। सेवा और संवेदना से जुड़ा यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवा फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका और दीपा बंका मौजूद थेे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आश्रम की संचालिका गुंजन गुप्ता, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी, अमित कुमार सहित संस्था के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

